
महेंद्र सिंह बिष्ट, रूद्रपुर। कांग्रेस जिला कार्यालय में आयोजित जिले भर के ब्लाक, महानगर, नगर , नगर पंचायत अध्यक्षों की सामंजस्य, सौहार्द एवं संवाद बैठक में कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष नव प्रभात ने लोकसभा चुनाव की समीक्षा की साथ ही आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गयी।
बैठक में जिले भर से आये कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए चर्चा करते हुए सुझाव भी लिये गये और आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में अनुशासन समिति के अध्यक्ष नव प्रभात ने कहा कि पिछले चुनावों में जो गलतियां हुयी हैं उनसे सबक लेकर आगामी चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता मुस्तैदी से जुट जायें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करें। जमीनी स्तर पर जनता के साथ जुड़ें और अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास करें। नवप्रभात ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ कमियां रही थी जिसके चलते पार्टी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी। आगामी निकाय चुनाव में सभी को मजबूती से जुटना है। उन्होंने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव में जिताऊ उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जायेगा। जो भी कार्यकर्ता निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं वह जनता के बीच पैठ बनायें। जनता में पैठ रखने वालों को ही चुनाव लड़ाने में प्राथमिकता दी जायेगी।
बैठक में जसपुर के विधायक आदेश चौहान ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस मजबूती से खड़ी होगी। जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई के अलावा स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस संघर्ष करेगी। जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि जिले में निकाय चुनाव मजबूती से लड़ा जायेगा। उन्होंने कहा कि नगर एवं ब्लाक स्तर पर भी पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की जायेगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, वरिष्ठ जिला उपाध्क्ष लवकुश शर्मा, मोहन खेड़ा, शैलेन्द्र शर्मा, चंदन सिंह नयाल, मनोज देवराड़ी, प्रेम सिंह, किशोर सामंत, खालिद इकबाल, योगेश चौहान, भूपेंद्र पाल चौध्री, रमेश चन्द्र तिवारी, अर्जुन विश्वास, रामकृष्ण सैनी, असलम जावेद, राजू छीना, हरविंदर सिंह, रिजवान खां, सुहेल खां आदि समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद थे।