
न्यूजलाइन नेटवर्क- जिला संवाददाता क्राइम रिपोर्ट- अनिल कुमार वर्मा
बीजपुर/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुहर्रम का पर्व सकुशल सम्पन्न हो गया। मुहर्रम न केवल इस्लामी वर्ष का आरंभ है, बल्कि यह वह पवित्र महीना है, जिसमें इंसानियत ने अपने इतिहास की सबसे महान कुर्बानी को यादगार बनाया। कर्बला की धरती पर इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम ने अन्याय के विरुद्ध डटकर मुकाबला करते हुए सत्य और इंसाफ़ की राह में अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। उनका पैग़ाम आज भी ज़माने के लिए रौशनी है-कि सिर झुका देना नहीं, बल्कि हक़ पर अडिग रहना ही सच्चा धर्म है। बताते चलें कि स्थानीय थाना अंतर्गत राजों, ख़म्हारिया, बीजपुर में इस बार मुहर्रम पूरी श्रद्धा, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया गया। मुसलमान भाइयों के साथ-साथ हमारे हिन्दू भाई भी बढ़-चढ़कर इसमें शामिल हुए। ग्राम प्रधान इजाज़त शेख, वाक़ील बेग, मौलाना नूरुज़्ज़मा बीजपुर के खलील ,गयासुद्दीन, अप्सरा, सलीम, उस्मान और बिरेंद्र सिंह सहित हिन्दू समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को एकता और भाईचारे का प्रतीक बना दिया। अफ़ीन शेख, आज़ाद बेग, जाफ़र बेग और शकील शेख़ द्वारा बनाए गए सुंदर ताज़ियों के साथ जलूस-ए-हुसैनी निकाला गया, जिसमें गांव के सभी समुदायों ने शांतिपूर्वक भाग लिया। मुहर्रम हमें सिखाता है कि धर्म केवल पूजा नहीं, बल्कि इंसानियत, इंसाफ़ और त्याग का नाम है। आइए, इमाम हुसैन की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, अमन और इंसाफ़ को मज़बूत करें। समुदाय के लोगों द्वारा बीजपुर के श्रीराम चौक पर लाठी डंडे का आश्चर्य चकित कर देने वाले करतब दिखाए गये। ताजिया दफन कर सब वापस हुए। प्रभारी निरीक्षक मय पुलिस बल के साथ सुरक्षा के प्रति तैनात रहे।