प्रधानमंत्री आवास योजना से गणपत सिंह के पक्के मकान का सपना हुआ साकार

न्यूज़लाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो

मुंगेली : प्रधानमंत्री आवास योजना मुंगेली विकासखंड के ग्राम चमारी के गणपत सिंह के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना के चलते उनका पक्का आवास का सपना साकार हुआ है। हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का मकान हो, जिसमें वह सुकून से अपने परिवार के साथ गुजर बसर कर सके। ऐसा ही सपना श्री गणपत सिंह ने भी देखा था। वे बताते है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जैसे ही जानकारी मिली, उन्होंने ग्राम पंचायत में संपर्क किया और पक्का आवास बनाने आवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद पात्रता सूची में नाम के आधार पर आगे की कार्यवाही पूर्ण की गई और उनका पक्का आवास बनकर तैयार हुआ। गणपत सिंह ने बताया कि पहले कच्चा आवास होने के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिन में छप्पर से पानी टपकने के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता था। ठंड के दिनों में भी कच्चा आवास होने के कारण काफी समस्या होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनने से इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिल गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर में पक्का शौचालय भी बन गया है। उन्होंने आवास योजना का लाभ मिलने पर परिवार सहित प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना उन गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा है, जो जीवन भर मेहनत मजदूरी करने के बाद भी अपना पक्का आवास नहीं बना पा रहे थे। इस योजना के तहत गरीब और बेघर लोगों को घर बनवाने के लिए सहायता राशि दी जाती है और इस राशि की मदद से गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले नागरिक खुद का घर बनवाने में सक्षम हो पाते हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!