सेना के सम्मान में मोरवा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, एनसीएल में कार्यरत भूतवूर्व सैनिको को किया गया सम्मान।

न्यूजलाइन नेटवर्क – ब्यूरो रिपोर्ट

सिंगरौली/ मध्य प्रदेश। आपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को नैतिक समर्थन देने के लिए मोरवा में बुधवार शाम भाजपा मोरवा मंडल द्वारा सामाजिक सहयोग से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा से पूर्व बस स्टैंड मोरवा के समीप शिव मन्दिर प्रांगण में एनसीएल के संविदा सूरक्षा एजेंसी में कार्यरत भूतपूर्व सैनिको को तिलक लगाकर व शाल श्रीफल भेटकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात 50 मीटर राष्ट्रीय ध्वज के साथ भारत माता की जय के नारे के साथ भूतपूर्व सैनिको के पीछे जनप्रतिनिधि एवं आम जनता के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सायं 6:00 बजे शिव मन्दिर से प्रारंभ होकर यूबीआई रोड, मस्जिद तिराहा, पुरानी मार्केट होते हुए फल मंडी पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ।
गौरतलब है कि बीते दिनों आपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना एवं सीमा सुरक्षा बल ने अपने सामर्थ्य को दिखाते हुए चंद समय‌ में पाकिस्तान के अंदर जो तांडव किया उससे पूरा विश्व स्तब्ध रह गया था। भारतीय सेना के जज्बे को सलाम करते एवं उनके शौर्य को नमन करने के लिए निकल गई इस तिरंगा यात्रा में सैकड़ो लोग सम्मिलित हुए तथा इस यात्रा में भारत का राष्ट्रीय गौरव तिरंगा झंडा हर किसी के हांथ‌ मे था। पहलगाम के कायराना पूर्ण आतंकवादी गतिविधि के जवाब मे भारतीय सेना के तीनों अंगों ने जिस प्रकार सुनियोजित तरीके से पाकिस्तान में बिना प्रवेश किए जिस तरह पाकिस्तान की छाती पर प्रहार किया है वो भारतीय सेना की क्षमता और उसके सामर्थ्य को प्रतिबिंबित करता है। आज हर भारतीय अपनी सेना पर‌ गर्व कर रहा है तथा उसके सम्मान मे ये तिरंगा यात्रा निकाल कर सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता तथा सेना के हौसले को नमन कर रहा है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से सर्वसमाज सिंगरौली भी जुड़ा और तिरंगा यात्रा निकाल कर सेना के रणबांकुरों को नमन किया तथा राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व निष्ठा व्यक्त की।
तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, नगर पालिक निगम के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिला मंत्री अरविन्द तिवारी, सिंगरौली मंडल के अध्यक्ष विनोद सिंह कुरूवंशी, पूर्व विधायक रामलल्लू बैस, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल, नगर पालिक निगम के पूर्व अध्यक्ष विजय वैस, सिंगरौली के पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र गर्ग, अन्तर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री अमित कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तिरंगा यात्रा में शामिल रहे। तिरंगा यात्रा के सुरक्षा के दृष्टि से मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक यू पी सिंह दल बल के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!