शक्तिनगर/सोनभद्र। नेहरू शताब्दी चिकित्सालय महिला मंडल द्वारा मंगलवार को पुनर्वास ग्राम अंबेडकर नगर स्थित दुर्गा मंडप परिसर में वर्षा ऋतु में फैलने वाले रोगों की रोकथाम हेतु नि:शुल्क मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि जैसे बारिश जनित रोगों से बचाव के लिए जागरूक करना रहा।इस अवसर पर ग्राम प्रधान हिरालाल व ग्राम पंचायत सदस्य सुरेश गुप्ता ने ग्रामीणों को वर्षा में होने वाली बीमारियों से बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। नेहरू चिकित्सालय की ओर से डॉ. वर्षा सिंघल, डॉ. दीपिका सिंह तथा सहायक प्रबंधक (सामुदायिक विकास) शालिनी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्वच्छता, रोग प्रतिरोधक उपायों और विशेष रूप से महिलाओं के लिए नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श अभियान की जानकारी साझा की।
सहायक प्रबंधक शालिनी ने बताया कि एनसीएल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय द्वारा संचालित यह अभियान ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि साफ-सफाई, स्वच्छ जल का उपयोग, शरीर को सूखा रखना एवं मच्छरदानी का नियमित उपयोग बीमारी से बचाव के प्रभावी साधन हैं। यह कार्यक्रम एनसीएल खड़िया के सीएसआर अधिकारी अमरेन्द्र कुमार के विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिनके सतत प्रयासों से स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्राम के प्रमुख नागरिक संजय गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, हिरालाल सोनी, श्याम पटेल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, शिव कुमार, मनोज गुप्ता, शशांक अग्रहरि, जितेन्द्र कुमार तथा ओमप्रकाश टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने महिला मंडल एवं चिकित्सकों के इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।