
न्यूजलाइन नेटवर्क – ब्यूरो रिपोर्ट
सिंगरौली/मध्य प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह का बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ जिलाध्यक्ष की उत्सव यात्रा जिला कार्यालय पहुंची तो जिले भर से आये कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ो तथा आतिशबाजी के साथ नवनियुक्त जिलाध्यक्ष की आगवानी की तथा पुष्प वर्षा से उनका स्वागत किया।
भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने अपने भावुक अंदाज में कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया तथा कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह के लिये उनको नमन किया। अपने वक्तव्य में जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनने की सूचना मिलते ही मैं स्वयं स्तब्ध था एवं एक क्षण के लिए विश्वास ही नही हुआ यह सत्य है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ये बीजेपी ही है जो कार्यों का मूल्यांकन कर कार्यकर्ता को सम्मान देती है। मेरा संगठन में कार्यकाल युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री के रूप में प्रारंभ हुआ तथा पार्टी ने मुझे जिलाध्यक्ष का दायित्व भी सौंप दिया है। विभिन्न सांगठनिक दायित्वों के माध्यम से ही मुझे कार्यानुभव मिला तथा जिला महामंत्री के रूप में जिला स्तर पर मेरी पहचान बनी।
मैने संगठन के दिये समस्त दायित्वों का पूर्ण रूप से निर्वहन करने का प्रयास किया। मेरे कार्यों से पार्टी का संगठन संतुष्ट रहा होगा। तभी पार्टी ने मुझे जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। जो भी दायित्व हमें संगठन दे उसका निर्वाह निष्ठा से किया जाये तो पार्टी उसका अवलोकन भी करती है तथा उसका प्रतिफल भी प्राप्त होंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आप सभी वरिष्ठों तथा समस्त कार्यकर्ताओं के सहयोग तथा दिशानिर्देश पर ही ये संगठन काम करेगा तथा आपके आशानुरूप ही जिले का संगठन प्रदेश में अपनी छवि उत्कृष्ट बनाने में सफल होगा।हमारे बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता का सम्मान होगा तथा कार्य के आधार पर उनको आगे आने का अवसर अवश्य प्राप्त होगा। हम संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक ले जायेंगे तथा जिले के समस्त बूथों को हम सशक्त बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।स्वागत सम्मान समारोह के बाद जिलाध्यक्ष ने मण्डल अध्यक्षो एवं जिला पदाधिकारियों की पहली बैठक लेते हुये आगामी कार्यक्रम संविधान गौरव अभियान को सफल बनाने पर चर्चा किया।
कार्यक्रम में इन भाजपा नेताओं की रही उपस्थिति:- जिला कार्यालय के सभागार में निवर्तमान जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, विधायक राम निवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, पूर्व विधायक रामलल्लू बैस, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सीड़ा अध्यक्ष दिलीप शाह, जिपं उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के अभिनंदन समारोह में मंच पर उपस्थित रहे।वही स्वागत समारोह में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष सरोज सिंह, सरोज शाह, जिला महामंत्री लालपति साकेत, जिलामंत्री पूनम गुप्ता, प्रवेंद्र धर द्विवेदी, अरविंद तिवारी, विनोद चौबे, कलावती यादव, द्रौपदी सिंह, कोषाध्यक्ष हरिदास गुप्ता, कार्यालय मंत्री कृष्ण कुमार कुशवाहा, समस्त मंडल अध्यक्ष, सभी पार्षद गण, मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जायसवाल, सुरेश कांत द्विवेदी, शशांक विक्रम सिंह गोल्डी, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, विजय दुबे समेत सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में संचालन जिला महामंत्री राजकुमार दुबे ने किया।
कई दावेदारों ने बनाई दूरी, चर्चाओं का बाजार गर्म:- भाजपा में जिलाध्यक्ष पद के लिए करीब डेढ़ दर्जन से अधिक दावेदार थे। लेकिन रायसुमारी के बाद कई दावेदार रेस से बाहर हो गये थे। दावा किया जा रहा था कि पैनल में राजेश तिवारी, सुरेन्द्र बैस, संतोष वर्मा का नाम प्रमुखता से है और इनमें से सुरेन्द बैस एवं संतोष वर्मा की वकालत जिले के कुछ बड़े नेता कर रहे थे। लेकिन कल तक अपने आप को जिलाध्यक्ष मानकर दावा करने वाले नेताओं को बड़ा झटका लगा है और उनका दावा गुब्बारों की तरह फु स हो गया और आज कई मंत्री से लेकर अन्य कई बड़े बीजेपी के दिग्गज नेता स्वागत रैली से दूरी बनाये हुये थे। माना जा रहा है कि अब भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वयं निर्णय ले पाएंगे। सुन्दर शाह पार्टी के हित में सही कदम उठाने में पीछे नही रहेंगे और न ही किसी के इशारे पर चलेंगे।