
मुंगेली में ट्रिपल इंजन सरकार बनाइए, मुंगेली को विकसित मुंगेली बनाने की गारंटी मेरी : डिप्टी सीएम अरुण साव
न्यूज़लाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो
मुंगेली : उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पालिका मुंगेली में वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले जी के साथ भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष प्रत्याशी शैलेश पाठक एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो में भाजपा के समर्थन में मुंगेली की सड़कों में जनसैलाब उमड़ पड़ा। साव ने चौक चौराहों में सभा को भी संबोधित किया।

भाजपा उम्मीदवाओं को जिताने के लिए साव नगर पालिका के सभी वार्डों में पहुंचे। इस दौरान वार्डों में जगह-जगह उप-मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया, और भाजपा को वोट देने के लिए आश्वस्त किया। लोगों ने कहा कि, एक साल में डबल इंजन की सरकार ने शानदार काम किया है, और नगर में भाजपा की सरकार बनने पर विकास होगा।

साव ने मुंगेली की जनता से कहा कि, शैलेश पाठक को अध्यक्ष बनाने के लिए कमल का बटन दबाएं, सभी 22 वार्डों में कमल खिलाएं। नगर सरकार मुंगेली का तेज गति से विकास करेगी। शहर को संवार कर प्रदेश में एक अलग पहचान दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि, शैलेश पाठक जी स्वच्छ, सुंदर, समृद्ध और विकसित मुंगेली का निर्माण करेंगे। वे अनुभवी और शिक्षित हैं, शहर की आवश्यकता के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराएंगे।