महर्षि कश्यप के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान, मेधावियों का हुआ अभिनंदन


केशरवानी वैश्य समाज ने धूमधाम से मनाई गोत्राचार्य जयंती,नगर में निकाली भव्य शोभायात्रा
न्यूजलाइन नेटवर्क , मुंगेली ब्यूरो
मुंगेली : केशरवानी वैश्य समाज के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय सामुदायिक भवन में गोत्राचार्य महर्षि कश्यप की पावन जयंती श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। समारोह का विधिवत शुभारंभ ज्ञानदायिनी मां सरस्वती एवं गोत्राचार्य महर्षि कश्यप के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, धूप-अर्चन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वजातीय बंधुओं ने महर्षि कश्यप के त्याग, तपस्या और उदात्त जीवन-मूल्यों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

समारोह के पावन उपलक्ष्य में नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा संगम दिखा। सामुदायिक भवन से आरंभ होकर यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मलाईघाट पहुंचकर समाज के प्रबुद्धजनों ने स्व. निरंजन प्रसाद केशरवानी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीना नमन किया। तत्पश्चात शोभायात्रा पड़ाव चौक, गोल बाजार होते हुए पुनः सामुदायिक भवन पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गई।

प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक छटा
समारोह के द्वितीय सत्र में समाज की मेधा को मंच पर सम्मानित किया गया। समिति द्वारा 5वीं, 8वीं, 10वीं तथा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ज्ञान और साधना ही समाज की उन्नति का मूल आधार है।

इसके उपरांत केशरवानी वैश्य महिला समिति की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भावपूर्ण नृत्यों ने सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण परिसर ‘महर्षि कश्यप के जयघोष’ से गुंजायमान रहा। आयोजन में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग सहित गणमान्य स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन समाज में संस्कार, समरसता और सशक्त सहभागिता का अप्रतिम संदेश दे गया।

