एमए फारूखी इंटर कॉलेज में मेधावियों का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूखी बोले— कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से मिलती है सफलता
न्यूज़लाइन नेटवर्क
शमशाबाद, फर्रुखाबाद
नगर पंचायत शमशाबाद स्थित एमए फारूखी इंटर कॉलेज में बुधवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। हाईस्कूल की छात्रा आफिया गुलजार एवं इंटरमीडिएट के छात्र इंसा तथा छात्रा यासमीन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। मेधावियों की सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल दिखाई दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूखी ने कहा कि सफलता कभी भी आसान परिस्थितियों में नहीं मिलती, बल्कि कठिन संघर्ष, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि असफलता इंसान को निराश करने के लिए नहीं बल्कि आगे बढ़ने की सीख देने के लिए आती है। जो विद्यार्थी धैर्य और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहते हैं, सफलता एक दिन निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इन विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय बल्कि अपने परिवार, समाज और नगर क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया है।
प्रधानाचार्य अजय कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनते हैं। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों ने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी दीपक श्रीवास्तव, छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।


