साझा काव्य संग्रह आने वाली पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा: डॉ. चंद्रशेखर

साझा काव्य संग्रह आने वाली पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा: डॉ. चंद्रशेखर

 

आगर साहित्य समिति की मासिक काव्य गोष्ठी स्मार्ट एकेडमी में संपन्न

 

जिले के साहित्यकारों की कविताओं का जल्द प्रकाशित होगा साझा संग्रह

 

मुंगेली : जिले की सबसे पुरानी साहित्यिक संस्था ‘आगर साहित्य समिति’ की मासिक काव्य गोष्ठी स्मार्ट एकेडमी में गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

 

स्वागत उद्बोधन में आगर साहित्य समिति के अध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि समिति बहुत जल्द जिले के साहित्यकारों की रचनाओं को समेटते हुए एक साझा काव्य संग्रह प्रकाशित कराने जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक नगर के साहित्यकारों का कोई साझा संग्रह प्रकाशित नहीं हो पाया है। परिहार ने कवियों से आग्रह किया कि जिन साहित्यकारों ने अब तक अपनी कविताएं प्रेषित नहीं की हैं, वे एक सप्ताह के भीतर भेज दें ताकि समय पर प्रकाशन कार्य पूर्ण हो सके।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और प्रेस क्लब मुंगेली के अध्यक्ष अनिल सोनी ने समिति के इस प्रयास को प्रशंसनीय बताते हुए प्रकाशन कार्य में हरसंभव सहयोग की घोषणा की। वहीं, वरिष्ठ साहित्यकार व पत्रकार मनोज अग्रवाल ने संपादन कार्य को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्राध्यापक अशोक गुप्ता ने कहा कि समिति द्वारा मासिक गोष्ठी और कवि सम्मेलन तो होते रहते हैं, लेकिन यह काव्य संग्रह का प्रकाशन इतिहास रचने जैसा है। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा,”शहर के साहित्य को आने वाली पीढ़ी के लिए बचाकर रखना बेहद जरूरी है। यह साझा संग्रह आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा।”

स्वागत सत्र के बाद कवि रामा साहू के कुशल संचालन में काव्य गोष्ठी का आगाज़ हुआ। गोष्ठी में नगर के दिग्गज और उभरते रचनाकारों ने विभिन्न रसों और समसामयिक विषयों पर अपनी कविताओं का पाठ कर समां बांध दिया।

 

काव्य गोष्ठी में मुख्य रूप से वरिष्ठ साहित्यकार नंदराम यादव ‘निशांत’, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, देवेंद्र परिहार, जगदीश प्रसाद देवांगन, राकेश गुप्त ‘निर्मल’, हूप सिंह क्षत्रिय, महेंद्र यादव, संतोष वैष्णव, देव गोस्वामी, ज्वाला प्रसाद कश्यप, रामा साहू, हेमंत कश्यप, मनहरण सिंह राजपूत, सुश्री पूर्णिमा जायसवाल, सुश्री दुर्गारानी जयसवाल, राजेश सोनी, कैलाश सिंह क्षत्रिय, रोहित ठाकुर, संतोष कुमार साहू, महेंद्र सिंह ठाकुर, रुद्र प्रताप सिंह और चंद्रशेखर उपाध्याय ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों और रचनाकारों का आभार प्रदर्शन रोहित ठाकुर द्वारा किया गया।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )