मिशन शक्ति अभियान में फर्रुखाबाद पुलिस सक्रिय, थानों में महिलाओं को किया जागरूक
न्यूज़लाइन नेटवर्क
फर्रुखाबाद राहुल सिंह राठौर
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांवों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर ठगी और सोशल मीडिया अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
जनपद के सभी थानों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के टिप्स भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। अभियान को लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं ने उत्साह दिखाया।


