बड़ा एक्शन : जिले में पहली बार हत्या के आरोपी के दुकान में चला बुलडोजर

न्यूज़लाइन नेटवर्क, कवर्धा ब्यूरो
कवर्धा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भयमुक्त शासन देने के वादे तथा अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर चलते हुए प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों में लगे लोगों और गैरकानूनी कार्यों में लगे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

कवर्धा शहर से लगे हुए लालपुर में 20 जनवरी की दरम्यानी रात को चरवाहे साधराम यादव की हत्या के मामले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश प्रशासन को दिये थे। प्रशासन ने निर्देश मिलने के अगले ही दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रशासन ने साधराम के हत्या के आरोपी अयाज खान के कवर्धा में वार्ड 18 में किये गये अवैध कब्जे को आज जमींदोज कर दिया। अयाज खान ने अपने घर में अवैध निर्माण कर आटा चक्की की दुकान खोली थी। प्रशासन की टीम आज यहां पहुँची और अवैध कब्जा जमींदोज कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में यादव की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या की गई थी। उपमुख्यमंत्री के निर्देश के पश्चात 24 घंटे के भीतर ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मामले के संज्ञान में आते ही उप मुख्यमंत्री शर्मा ने निर्देश दिये थे कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो। कार्रवाई इस तरह से सख्त हो ताकि असामाजिक तत्वों के लिए कड़ा संदेश जाए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गृह विभाग के अधिकारियों को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को बेहतर रखने सख्त मानिटरिंग के निर्देश दिये थे। अपराध के प्रति जीरो टालरेंस के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिये गये थे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गृह विभाग की बैठक में पुलिस से पारदर्शिता के साथ लोगों को न्याय दिलाने के लिए काम करने कहा था। साथ ही अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश भी दिये गये थे। कवर्धा मामले में कड़ी कार्रवाई इसी कड़ी में की गई है।
हत्याकांड के आरोपी की अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला है। हत्याकांड का मुख्य मास्टर माइंड अयाज खान के कवर्धा स्थित बीच पारा में किए गए अ‌वैध निर्माण को राजस्व-नगर पालिका अमले ने ध्वस्त कर दिया है। सुबह से ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई थी।सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।बड़ी संख्या में पुलिस,सीएएफ के जवान तैनात किया गया था।
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव खुद मौके पर बुलडोजर एक्शन के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी अयाज खान के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। वह लालपुर हत्या मामले का मास्टर माइंड है,उसके खिलाफ 9 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज है। कवर्धा में अक्टूबर 2021 में हुए झंडा कांड में भी शामिल रहा है। जिसके खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी है कि वे सुधर जाए। किसी भी प्रकार के अपराध के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। अगर वे अपराध में शामिल होते है,तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अभी अन्य आरोपियों के अ‌वैध निर्माण को लेकर जांच की जा रही है।अगर मिलता है,तो आगे भी इस तरह की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!