मिनी फिंगर प्रिन्ट डेव्हलपिंग किट पर राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

मिनी फिंगर प्रिन्ट डेव्हलपिंग किट पर राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

न्यूज़लाइन नेटवर्क, रायपुर ब्यूरो
रायपुर : पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम के निर्देशन में फिंगरप्रिन्ट किट के इस्तेमाल के संबंध में एकदिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी डॉ. ध्रुव गुप्ता ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिंगरप्रिन्ट/चांस प्रिन्ट को उभारने एवं न्यायालयीन साक्ष्य में उपयोग लाने में फिंगरप्रिन्ट किट काफी उपयोगी है।

राज्य में चांस प्रिन्ट का अपराधियों से मिलान कर ट्रेस की संख्या बढ़ाये जाने में यह किट काफी मददगार साबित होगा। गौरतलब है कि फिंगर प्रिन्ट किट घटनास्थल से बारिकी से साक्ष्य संकलन करने में सक्षम है, जिससे प्राप्त चांस प्रिंट का सूक्ष्म परीक्षण फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट द्वारा किया जाकर अज्ञात आरोपी की पहचान स्थापित की जाती है। इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते विभाग द्वारा मिनी फिंगर प्रिन्ट डेव्हलपिंग किट का क्रय किया गया है। इस किट के उपयोग के संबंध में विभिन्न जिलों से आये प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन एवं वीडियो के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान ही राज्य के सभी थानों के आये कर्मचारियों को फिंगर प्रिन्ट किट का वितरण भी किया गया। कार्यशाला में थानो में पदस्थ प्रधान आरक्षक/आरक्षक स्तर के कुल 500 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण का लाभउठाया।
इस अवसर पर विशेषज्ञ के रूप में फिंगर प्रिन्ट ब्यूरो के संचालक (उप पुलिस अधीक्षक) अजय कुमार साहू, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती विद्या जोहर, निरीक्षक कमलेश्वर सिंह, धर्मेन्द्र कुमार भारती एवं श्रीमती अंजली मिंज उपस्थित रहे।

