पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल, छेड़छाड़ का केस दर्ज कर आरोपी को छोड़ा; पीड़िता ने एएसपी से लगाई न्याय की गुहार

पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल, छेड़छाड़ का केस दर्ज कर आरोपी को छोड़ा; पीड़िता ने एएसपी से लगाई न्याय की गुहार
![]()
न्यूज़लाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो
मुंगेली: जिले में खाकी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक महिला ने अपने रिश्तेदार पर वर्षों से बलात्कार करने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है, लेकिन स्थानीय लोरमी थाने की पुलिस ने मामले को हल्का करते हुए महज छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज करने की बात कह खानापूर्ति कर दी। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि थाने में आरोपी को बुलाकर कथित तौर पर रिश्वत लेकर उसे छोड़ दिया गया, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद हैं।

पीड़िता ने बताया कि उसके साथ कई वर्षों से शारीरिक शोषण किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब उसने थाने में गुहार लगाई, तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक तक इस गंभीर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

आज न्याय की आस में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एडिशनल एसपी को अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि आरोपी आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देता है और उसके परिवार वाले भी उसकी बात पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने न्यूजलाइन नेटवर्क को बताया कि इस पूरे मामले को संज्ञान में लिया है और विधिवत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब देखना यह है कि लोरमी थाना प्रबंधन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिलता है।

