अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिट्टी से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
न्यूज़लाइन नेटवर्क
फर्रुखाबाद भरत सोलंकी
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में जनपद में उपखनिज के अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी और संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को सूचना के आधार पर ग्राम अर्जुनपुर में थाना मेरापुर पुलिस बल के साथ खनन अधिकारी ने 21-22 मई की मध्यरात्रि छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की गहन जांच की गई।
जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन पर किसानों के निजी उपयोग के पंजीकरण की शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था। इसके बाद वाहन को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए थाना मेरापुर की अभिरक्षा में दे दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित संयुक्त अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या ओवरलोड खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

