लोरमी के शिक्षाविद डॉ. सत्यनारायण तिवारी को मिलेगा ‘शब्द शिखर सम्मान 2026’

लोरमी के शिक्षाविद डॉ. सत्यनारायण तिवारी को मिलेगा ‘शब्द शिखर सम्मान 2026’

न्यूज़लाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो
लोरमी (मुंगेली) : साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाले लोरमी के जाने-माने शिक्षाविद, कथावाचक और साहित्यकार डॉ. सत्यनारायण तिवारी ‘हिमांशु महाराज’ को ‘शब्द शिखर सम्मान 2026’ के लिए चुना गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
रायपुर में होगा अलंकरण समारोह
वक्ता मंच, रायपुर द्वारा आयोजित ‘प्रदेशस्तरीय काव्य महाकुंभ 2026’ के दौरान डॉ. तिवारी को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, सम्मान समारोह आगामी 31 मई को रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन सभागृह में प्रातः 11 बजे आयोजित होगा। इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकार और प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।
साहित्य और सेवा का पर्याय हैं डॉ. तिवारी
डॉ. सत्यनारायण तिवारी वर्तमान में मनियारी साहित्य एवं सेवा समिति, लोरमी के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सारधा (लोरमी) निवासी डॉ. तिवारी को उनके साहित्यिक कृतित्व और समाज सेवा के लिए पहले भी राज्यपाल सम्मान सहित अनेक राज्यस्तरीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
उनके ‘शब्द शिखर सम्मान’ के लिए चयनित होने पर क्षेत्र के साहित्यप्रेमियों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत व्यक्तित्व को गौरवान्वित करती है, बल्कि पूरे लोरमी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

