पिथनापुर शराब ठेका के पास कैंटीन पर बवाल, अंडो के विवाद में युवक से मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी का भी आरोप

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद अनीत सोलंकी

थाना क्षेत्र के पिथनापुर स्थित शराब ठेका के पास संचालित एक कैंटीन पर अंडे खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में एक युवक घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद व्यक्ति बाल-बाल बच गया। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिथनापुर निवासी अमरेश पुत्र रामचंद्र के अनुसार वह अपनी बेटी प्रिया के लिए कच्चे अंडे खरीदने शराब ठेका के पास स्थित कैंटीन पर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कैंटीन संचालक अमित मिश्रा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अमित मिश्रा ने उसके साथ मारपीट कर दी।

घटना के समय अमरेश के साथ रामदयाल पुत्र पतीराम भी मौजूद थे। बताया गया कि वह किसी तरह बच गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मारपीट में घायल अमरेश थाना अमृतपुर पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चोटों का परीक्षण किया जाएगा।

थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि जातिसूचक टिप्पणी के आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )