पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, तीन दिन भारी वाहनों पर रहेगी रोक
19 परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू, अभ्यर्थियों की आवाजाही सुगम बनाने पर जोर

न्यूजलाइन नेटवर्क फर्रुखाबाद राहुल सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। 8 जून से शुरू होने वाली तीन दिवसीय परीक्षा के दौरान 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव कम रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
जारी यातायात योजना के अनुसार कन्नौज की ओर से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले ट्रक, टैंकर, डंपर, डीसीएम सहित अन्य मालवाहक वाहनों को जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं आईटीआई मार्ग से लाल गेट फव्वारा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा कादरीगेट से लाल गेट तथा लाल गेट फव्वारा से चौक की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। यह व्यवस्था परीक्षा के तीनों दिनों तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, जिससे परीक्षा का आयोजन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

