रात्रि चौपाल में गूंजी जनसमस्याएं, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर योजनाओं की दी गई जानकारी

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत अमृतपुर क्षेत्र में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में क्षेत्रीय विधायक सुशील शाक्य ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, पूर्ति निरीक्षक नितेश नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडीओ पंचायत अजीत पाठक ने किया।
चौपाल के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, पूर्ति सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों से आगे आने की अपील की और कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है।
विधायक सुशील शाक्य ने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है।
रात्रि चौपाल में कुल नौ शिकायतें दर्ज की गईं। राकेश कुमार ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्या रखी, जबकि विमलेश ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। घनश्याम ने किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। वहीं सुआलाल, बुद्धपाल और नेहा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाए जाने की मांग की। एक शिकायतकर्ता ने कन्या सुमंगला योजना का लाभ और ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जबकि बेचेलाल एवं अनिल कुमार सक्सेना ने वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने की मांग उठाई।
चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
ग्रामीणों ने भी चौपाल में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और शासन-प्रशासन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था प्रशासक सचिन देव तिवारी द्वारा कराई गई।

