लोहिया अस्पताल की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 

 

 

एम् और एसजीपीजीआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उठाई आवाज

 

न्यूज़लाइन नेटवर्क फर्रुखाबाद राहुल सिंह राठौर 

 

जनपद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव अर्चना राठौर और शुभम तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि फर्रुखाबाद सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीज लोहिया अस्पताल पर निर्भर हैं, लेकिन यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, आधुनिक संसाधनों का अभाव और मरीजों को बार-बार रेफर किए जाने जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर अस्पताल को AIIMS और SGPGI की तर्ज पर विकसित करने की मांग की, ताकि मरीजों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।

कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की स्थायी तैनाती, अत्याधुनिक जांच उपकरणों की व्यवस्था, आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू किए जाने की मांग उठाई। साथ ही गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अनावश्यक रेफरल व्यवस्था पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में अस्पताल की वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की उच्च स्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि लोहिया अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाता है तो इसका लाभ केवल फर्रुखाबाद ही नहीं, बल्कि कन्नौज, एटा, मैनपुरी, शाहजहांपुर और हरदोई जैसे आसपास के जनपदों के मरीजों को भी मिलेगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से जनहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश सचिव अर्चना राठौर, किसान सभा के जिलाध्यक्ष पीयूष सिंह, सर्वेंद्र सिंह सोलंकी,राजेश कुमार, उस्मान खान, मोहम्मद नफीस, मोबीन, लतीफ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )