खनिज विभाग के सरकारी वाहन के निजी उपयोग और चालक भर्ती में गड़बड़ी का आरोप,सीएम हेल्पलाइन में शिकायत


न्यूज़लाइन नेटवर्क, रायपुर ब्यूरो
मुंगेली : जिला खनिज विभाग मुंगेली में पदस्थ शासकीय वाहन के कथित निजी उपयोग और वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर विवाद गहरा गया है। पथरिया तहसील के ग्राम गोइन्द्री निवासी समीर कुमार टंडन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत कर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खनिज शाखा के शासकीय वाहन क्रमांक सीजी 02 एयू 0149 का विभागीय दायित्वों के इतर निजी कार्यों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, समाचार माध्यमों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त वाहन का चालक इसे जिला मुख्यालय से करीब 50 से 60 किलोमीटर दूर रतनपुर क्षेत्र स्थित भैंसामुड़ा स्थित अपने निजी निवास तक ले जाता है। वाहन को कई मौकों पर सुबह और शाम निजी आवास के पास खड़े देखा गया है। आवेदन में कहा गया है कि जनता के राजस्व से संचालित होने वाले सरकारी संसाधनों का निजी कार्यों अथवा आवागमन के लिए इस्तेमाल नियमों का खुला उल्लंघन है।

इसके साथ ही शिकायत में विभाग के वाहन चालक राकेश दुबे की भर्ती चयन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व में कलेक्टर जनदर्शन और संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक न तो कोई जांच प्रतिवेदन सौंपा गया और न ही की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच के लिए वाहन की लॉगबुक, जीपीएस रिकॉर्ड, ईंधन व्यय, चालक के कॉल व लोकेशन रिकॉर्ड सहित यात्रा आदेशों की तकनीकी व दस्तावेजी पड़ताल की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जांच में वाहन का निजी उपयोग या भर्ती में गड़बड़ी प्रमाणित होती है, तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

