मुंगेली पुलिस का साइबर जागृति अभियान: एसएसपी ने छत्तीसगढ़ी में समझाए ठगी से बचाव के गुर,1500 से अधिक लोगों को दिलाई शपथ

मुंगेली पुलिस का साइबर जागृति अभियान: एसएसपी ने छत्तीसगढ़ी में समझाए ठगी से बचाव के गुर,1500 से अधिक लोगों को दिलाई शपथ

न्यूजलाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो

मुंगेली। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत मुंगेली पुलिस ने जिले के गांव-गांव में दस्तक देकर आमजन को डिजिटल ठगी के खतरों से आगाह करना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर घर और हर गांव तक पहुंचकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को ऑनलाइन फ्रॉड से सुरक्षित रखना है। अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिले भर के करीब 1,575 लोगों को सतर्क रहने के तरीके सिखाए गए।

ग्राम करही, सोढार, लिम्हा और गीधा के पंचायत भवनों में आयोजित विशेष सत्रों में लगभग 600 ग्रामीण शामिल हुए। एसएसपी भोजराम पटेल ने ठेठ छत्तीसगढ़ी बोली और सहज स्थानीय उदाहरणों के जरिए ग्रामीणों से सीधा संवाद साधा। उन्होंने बताया कि किस तरह शातिर ठग बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर, बिजली बिल अपडेट कराने या पीएम किसान निधि जैसी सरकारी योजनाओं का लालच देकर खून-पसीने की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। इस दौरान उपस्थित लोगों को किसी से ओटीपी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड न करने और अज्ञात वीडियो कॉल से सतर्क रहने की ‘साइबर जागृति शपथ’ भी दिलाई गई। उन्होंने किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की बात कही।

कार्यक्रम में ‘जागरूक गांव, सुरक्षित गांव’ का संकल्प दिलाते हुए जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे और जनपद पंचायत सीईओ संतोष कुमार घोसले ने भी ग्रामीणों को फर्जी मोबाइल ऐप्लिकेशन से दूर रहने की नसीहत दी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। पथरिया पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र में 50 मितानिनों को, जरहागांव पुलिस ने भथरी में ग्रामीणों को, फास्टरपुर पुलिस ने आईटीआई व लाइवलीहुड कॉलेज के 400 छात्र-छात्राओं को तथा लोरमी व लालपुर पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में लगभग 500 लोगों को जागरूक किया। मुंगेली पुलिस ने जिले वासियों से अपील की है कि वे तकनीक का उपयोग सावधानी से करें और खुद सतर्क रहकर दूसरों को भी सुरक्षित बनाएं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )