राजेपुर क्षेत्र के खानपुर के समीप चैनगंज गांव में सोमवार को बाढ़ के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक नीचे खेतों में भरे बाढ़ के पानी में जा गिरा। तलाश के दौरान परिजनों को मासूम पानी में पड़ा मिला। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।कासगंज जिले के सरौली गांव निवासी इंद्रेश कुछ दिन पहले अपने साले मिथिलेश के घर चैनगंज आए थे। इन दिनों गांव के आसपास बाढ़ का पानी भरा हुआ है। सोमवार को इंद्रेश का तीन वर्षीय पुत्र प्रांशु खेलते-खेलते घर की छत पर पहुंच गया। इसी दौरान अचानक वह छत से नीचे खेतों में भरे बाढ़ के पानी में जा गिरा।कुछ देर बाद प्रांशु दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। घर के आसपास बाढ़ के पानी में खोजबीन करने पर मासूम पानी में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल सीएचसी राजेपुर लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बाढ़ के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।परिजनों ने पुलिस की ओर से पंचनामा कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन मासूम के शव को अपने घर ले गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
CATEGORIES Newsline

