युवा अभिव्यक्ति समारोह: रायपुर में 20 सितंबर को सम्मानित होंगी प्रदेश की 51 युवा प्रतिभाएं


न्यूज़लाइन नेटवर्क, रायपुर ब्यूरो
रायपुर : राजधानी रायपुर में युवा शक्ति की रचनात्मकता और बहुआयामी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य ‘युवा अभिव्यक्ति समारोह’ का आयोजन होने जा रहा है। ‘वक्ता मंच’ और ‘जन एकता फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम आगामी 20 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 3:00 बजे से शांति नगर स्थित मधु पिल्ले चौक के पास विमतारा सभागृह में संपन्न होगा।
इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चुनी गईं 51 बहुआयामी प्रतिभा संपन्न युवा हस्तियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के साथ-साथ युवाओं द्वारा कई आकर्षक कलात्मक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मंच पर दी जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य “हम ही रचेंगे – हम ही रखेंगे – अपना भारत सुंदर” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
कार्यक्रम के सुचारु संचालन और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि सभागृह में प्रवेश केवल आमंत्रण पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन समिति ने सभी आमंत्रित अतिथियों और प्रतिभागियों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम में समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।

