महाराष्ट्र से पीछा कर हरदोई पुलिस ने दबोचा वांछित शातिर, कचहरी के पास से हुई गिरफ्तारी

न्यूज़लाइन नेटवर्क ब्यूरो हरदोई

हरदोई: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत शाहबाद कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के पालघर तक पीछा करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को हरदोई कचहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज थे और अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी कर रखा था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछितों की धरपकड़ के लिए गठित सर्विलांस टीम उपनिरीक्षक सूर्यमणि यादव के नेतृत्व में लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शाहबाद कस्बे का निवासी जयनारायण मिश्र उर्फ शानू पुत्र अशोक मिश्रा पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह काफी समय से महाराष्ट्र के पालघर सहित अन्य स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस की टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और कार से उसका पीछा किया जा रहा था।

रविवार शाम पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी शहर में किसी काम से कचहरी के पास मौजूद है। सटीक जानकारी मिलते ही शाहबाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान उच्चतम न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार भेज दिया गया।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )