अचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी गठित, राकेश भास्कर बने अध्यक्ष


न्यूजलाइन नेटवर्क, मुंगेली ब्यूरो
मुंगेली : अचल प्रेस क्लब मुंगेली की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से राकेश भास्कर को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई। इसके साथ ही त्रिलोक कोशले (राज़) को सचिव, उमेश दिवाकर को कोषाध्यक्ष तथा नरेंद्र दिवाकर को उपाध्यक्ष चुना गया। संगठन के विस्तार के तहत धनसिंह डहरिया को मीडिया प्रभारी और दूजराम मार्को को सहसचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने एकजुट होकर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा आम जनता की मूलभूत समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखकर उनके निराकरण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान संरक्षक माखन सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश भास्कर का सम्मान किया और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसलिए खबरों में तथ्यात्मकता और निष्पक्षता सर्वोपरि होनी चाहिए। ग्रामीण एवं स्थानीय अंचल की समस्याओं को उजागर करने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में संगठन को एकजुट रखते हुए जनता की आवाज बनना ही पत्रकारिता का मुख्य ध्येय होना चाहिए।
इस अवसर पर संगठन के आगामी विस्तार और गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक माखन सिंह सहित लक्ष्मी दिवाकर, देवप्रसाद बंजारा (बबलू), विनोद जायसवाल, संदीप बंजारे, ओमप्रकाश दिवाकर, सुखबली खरे, राजू कश्यप और क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

