सासन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का खेल जारी, रिहंद डैम क्षेत्र में डंप हो रही रेत से बढ़ा विवाद।

न्यूजलाइन नेटवर्क- ब्यूरो रिपोर्ट– अरविन्द प्रकाश मालवीय।

सिंगरौली/मध्य प्रदेश। वैढन कोतवाली थाना अंतर्गत सासन चौकी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला लगातार चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की नदियों से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर जेसीबी मशीनों के जरिए रेत निकाली जा रही है और उसे रिहंद डैम के पास बने आवासीय क्षेत्रों व खाली पड़े मकानों में डंप किया जा रहा है। अवैध रेत कारोबार से शासन को राजस्व हानि होने की भी बात कही जा रही है। सिंगरौली व आसपास क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन और भंडारण पर पहले भी कार्रवाई के मामले सामने आते रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 12:00 बजे के बाद रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां क्षेत्र में पहुंचती हैं और सुबह होने से पहले अलग-अलग स्थानों पर आपूर्ति कर दी जाती है। आरोप है कि कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किया गया है, जिसे बाद में बाजार में बेचा जा रहा है। इससे वैध रेत कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अवैध उत्खनन से केवल राजस्व का नुकसान ही नहीं हो रहा, बल्कि नदी तंत्र और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन, खनिज विभाग और संबंधित एजेंसियों से मामले की जांच कर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )