सड़क पर चार्ज हो रहा था ई-रिक्शा, करंट की चपेट में आने से कक्षा 6 के छात्र की दर्दनाक मौत

न्यूज़लाइन नेटवर्क फर्रुखाबाद अनीत सोलंकी 

 

 

मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में कक्षा 6 के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। कोचिंग से घर लौट रहे 10 वर्षीय शिवा उर्फ कृष्ण की ई-रिक्शा में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

 

 

 

जानकारी के अनुसार, अर्रापहाड़पुर निवासी एक युवक सड़क किनारे ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज कर रहा था। इसी दौरान कोचिंग से घर लौट रहा शिवा उर्फ कृष्ण अनजाने में ई-रिक्शा के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल सौरव चौधरी, विनीत चौधरी और नरेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया, वहीं हादसे में शामिल ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया गया।मृतक के पिता बृजमोहन ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक सड़क पर ही ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज कर रहा था, जिसकी लापरवाही के चलते उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने बताया कि शिवा कक्षा 6 का छात्र था और कोचिंग से घर लौट रहा था। परिवार में मां रेनू समेत चार बच्चे हैं। शिवा की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी अजब सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि करंट लगने से 10 वर्षीय बालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कोचिंग से लौटते मासूम को लील गया करंट, सड़क पर चार्ज हो रहे ई-रिक्शा ने उजाड़ दी परिवार की खुशियां

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )