मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दान के धन के गबन का आरोप, मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की मांग

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दान के धन के गबन का आरोप, मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की मांग

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दान के धन के गबन का आरोप, मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की मांग

न्यूज़लाइन नेटवर्क, डेस्क ब्यूरो 

मथुरा : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मंदिर प्रबंधन समिति पर दान में प्राप्त धन, चढ़ावे और आभूषणों के गबन के सनसनीखेज आरोप लगे हैं। इस संबंध में ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास’ के नाम से जारी एक पत्र सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।

 क्या है पूरा मामला?

वायरल पत्र के अनुसार, आरोप लगाया गया है कि मंदिर प्रबंधन समिति से जुड़े कुछ लोगों ने मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दान में मिले रुपयों, चढ़ावे और कीमती आभूषणों का बंदरबांट किया है। पत्र में दावा किया गया है कि इन लोगों ने इस धन का उपयोग कर करोड़ों रुपये की गाड़ियां खरीदी हैं और आलीशान कोठियों में रह रहे हैं।

 ‘पहले स्कूटर पर चलते थे, अब बन गए हैं होटलों के मालिक’

पत्र में आगे यह भी आरोप लगाया गया है कि जो लोग पहले स्कूटर पर चलते थे, वे अब होटलों के मालिक बन गए हैं। पत्र भेजने वाले ने इसे लेकर काफी आक्रोश जताया है और यह भी आरोप लगाया है कि अयोध्या की तरह ही मथुरा मंदिर में भी कई वर्षों से घोटाला चल रहा है।

मुख्यमंत्री से लगाई सीबीआई जांच की गुहार

श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के प्रतिनिधि, त्रिवेश फलाहारी महाराज ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो वे मामले को लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

फिलहाल, इस वायरल पत्र के सामने आने के बाद मथुरा के धार्मिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, मंदिर प्रशासन की ओर से इन गंभीर आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )