शादी की तैयारियों के बीच पलटा टेंट से भरा ट्रैक्टर, 10 घायल; चार की हालत गंभीर, लोहिया अस्पताल रेफर

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद अनीत सोलंकी

थाना अमृतपुर क्षेत्र के मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर गुरुवार को शादी समारोह की तैयारियों के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान लेकर जटपुरा जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें चार युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से शादी वाले परिवार की खुशियां पलभर में चिंता में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, थाना मिर्जापुर क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव से 20 जून को बारात आनी है। जटपुरा गांव में होने वाले विवाह समारोह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी क्रम में अमृतपुर से टेंट का सामान ट्रैक्टर पर लादकर जटपुरा ले जाया जा रहा था। ट्रैक्टर पर कई युवक भी सवार थे। मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर पहुंचते ही ट्रैक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उस पर सवार लोग नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर अमृतपुर थाना पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना में आदित्य पुत्र बृजेश, प्रांशु, प्रेमी पुत्र दिनेश, सुधांशु पुत्र अनिल, सनी उर्फ शनि पुत्र शिवबरन, अजय पुत्र रामरतन, सिंकू पुत्र नरवीर सिंह, अंकित पुत्र आदर्श, सत्यम पुत्र अरविंद तथा गौरव घायल हो गए।

सीएचसी राजेपुर के फार्मासिस्ट ज्ञान पाल के अनुसार अंकित, सनी, प्रांशु और गौरव की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बताया गया है कि दिनेश की पुत्री रुचि का विवाह 20 जून को होना है। परिवार में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और इसी सिलसिले में टेंट का सामान लाया जा रहा था। हादसे में शादी की व्यवस्थाओं में जुटे कई युवक घायल हो गए, जिससे परिवार और गांव में चिंता का माहौल है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय लोगों की तत्परता और समय रहते चलाए गए राहत अभियान के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। शादी की खुशियों के बीच हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )