घर पर कब्जे के प्रयास का आरोप, महिला ने संपूर्ण समाधान दिवस में लगाई गुहार

 

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद

 

तहसील अमृतपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर घर का ताला तोड़कर कब्जा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम रतनपुर पमारान, थाना अमृतपुर निवासी संध्या सक्सेना पत्नी अभिषेक ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं। आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर गांव के ही कुछ लोगों ने उनके मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अपना ताला लगा दिया।

महिला का कहना है कि जब वह वापस लौटीं और लगाए गए ताले को खोलने का प्रयास किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया तथा अभद्र व्यवहार किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग दबंग और प्रभावशाली हैं तथा उनके मकान पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। महिला का कहना है कि इस संबंध में पहले भी थाना अमृतपुर में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत पत्र में आरोपितों द्वारा लगातार धमकी दिए जाने और परिवार की सुरक्षा को खतरा होने की बात भी कही गई है।

संध्या सक्सेना ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मकान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )