मनरेगा में लाखों के फर्जीवाड़े का आरोप, ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत
न्यूज़लाइन नेटवर्क कमालगंज फर्रुखाबाद
विकास खंड कमालगंज की ग्राम पंचायत नसरतपुर नौगवा में मनरेगा कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के कथित गबन और सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। गांव निवासी मुतलिब पुत्र शीश मोहम्मद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान नूरआलम और ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) प्रदीप कुमार यादव पर मिलीभगत कर फर्जी विकास कार्य दिखाकर सरकारी धन निकालने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत में कई विकास कार्य केवल कागजों पर दर्शाए गए, जबकि धरातल पर कोई कार्य नहीं कराया गया। आरोप है कि फर्जी मस्टररोल और दस्तावेज तैयार कर सरकारी खाते से लाखों रुपये की धनराशि आहरित कर ली गई। शिकायत में समरपाल के ट्यूबवेल से करू के खेत तक मिट्टी कार्य के नाम पर ₹4.62 लाख, जुम्मन के ट्यूबवेल से सोवरन के खेत तक ₹2.98 लाख, मानसिंह के खेत से मुख्य सड़क तक चकरोड निर्माण में ₹2.98 लाख तथा अमर सिंह की जगह से लालमन के खेत तक मिट्टी कार्य के नाम पर ₹3.09 लाख निकाले जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अन्य मनरेगा कार्यों में भी ₹33.54 लाख से अधिक की अनियमितता का दावा किया गया है।
मुतलिब ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है और अधिकांश कार्य सिर्फ अभिलेखों तक सीमित हैं। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में संबंधित भुगतान और बिलों की छायाप्रतियां भी शिकायत पत्र के साथ संलग्न करने का दावा किया है।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों में मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

