तहसील समाधान दिवस में लेखपाल पर गलत आख्या का आरोप, छह बीघा भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद

 

 

तहसील समाधान दिवस में एक ग्रामीण ने लेखपाल पर गलत आख्या प्रस्तुत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही राजस्व अभिलेखों में दर्ज छह बीघा भूमि का सीमांकन कराकर वास्तविक कब्जा दिलाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के गांव करनपुर दत्त निवासी महेश सिंह पुत्र जोगराज ने तहसील समाधान दिवस में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने आईजीआरएस शिकायत संख्या 92615900004384 के माध्यम से लेखपाल सुबोध कुमार गुप्ता द्वारा अधिक आय लगाए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के दौरान निष्पक्ष जांच नहीं की गई और उनकी बात को गंभीरता से नहीं सुना गया।
महेश सिंह ने बताया कि जांच आख्या में उनके नाम छह बीघा कृषि भूमि दर्शाई गई है। यदि राजस्व अभिलेखों के अनुसार उक्त भूमि उनके नाम दर्ज है तो उसका सीमांकन कराकर उन्हें वास्तविक कब्जा दिलाया जाए। यदि भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति का कब्जा है तो उसे हटाकर नियमानुसार उन्हें भूमि उपलब्ध कराई जाए।
पीड़ित ने आईजीआरएस शिकायत पर प्रस्तुत आख्या की सत्यता की जांच कराने तथा प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में राजस्व विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )