एसडीएम अमृतपुर के चालक और गार्ड का रील वीडियो वायरल, निजी व्यक्ति से नजदीकियों पर उठे सवाल

वर्दी में गार्ड, निजी गाड़ी में चालक और सोशल मीडिया पर रौब की कहानी! वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल, संरक्षण के आरोपों की भी चर्चा

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद

तहसील अमृतपुर क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अमृतपुर के चालक और सुरक्षा गार्ड एक निजी व्यक्ति की गाड़ी में बैठकर रील बनवाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में सुरक्षा गार्ड वर्दी में नजर आ रहा है, जबकि एसडीएम का चालक कथित तौर पर निजी व्यक्ति के साथ घूमता और वीडियो बनवाता दिखाई पड़ रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक मर्यादा और सरकारी कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।वायरल वीडियो के संबंध में क्षेत्रीय स्तर पर चर्चा है कि जिस व्यक्ति की गाड़ी में एसडीएम अमृतपुर के चालक और सुरक्षा गार्ड दिखाई दे रहे हैं, वह तहसील क्षेत्र के ही एक गांव का निवासी है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उक्त व्यक्ति पूर्व में भी अधिकारियों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर अथवा उनकी गाड़ियों के आगे-पीछे चलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रीलें पोस्ट करता रहा है। चर्चा यह भी है कि वह समाज में प्रभाव और दबदबा स्थापित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियों को अंजाम देता है।

सूत्रों का यह भी दावा है कि संबंधित व्यक्ति का नाम कई विवादित गतिविधियों से जोड़ा जाता रहा है। इसी कारण सोशल मीडिया पर अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों के साथ दिखाई देने वाली रीलों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वायरल वीडियो के आधार पर कुछ क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एसडीएम अमृतपुर के चालक और सुरक्षा गार्ड से संबंधित व्यक्ति की कथित नजदीकियां कई तरह के संदेह पैदा करती हैं। कुछ लोगों द्वारा यहां तक आरोप लगाए जा रहे हैं कि उसे प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और यह जांच का विषय है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि उप जिलाधिकारी की सुरक्षा में तैनात गार्ड का वर्दी में किसी निजी व्यक्ति के साथ रील बनाना और एसडीएम का चालक निजी व्यक्ति की गाड़ी के साथ दिखाई देना क्या सरकारी आचरण और दायित्वों के अनुरूप है? वायरल वीडियो ने न सिर्फ प्रशासनिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी तेज कर दी है।

यदि वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रही परिस्थितियां सही हैं, तो यह मामला केवल सोशल मीडिया पर रील बनाने तक सीमित नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों की निष्पक्षता, आचरण और निजी व्यक्तियों से उनके संबंधों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

क्या बोले उप जिलाधिकारी अमृतपुर

” मामले की जानकारी नहीं है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।”

रविंद्र कुमार

उप जिलाधिकारी अमृतपुर फर्रुखाबाद

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )