सीएचसी मोहम्मदाबाद पहुंचे सीएमओ, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

 

 

मरीजों से सीधे संवाद कर लिया फीडबैक, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

 

न्यूज़लाइन नेटवर्क मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद 

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर और डॉ. दीपक कटारिया भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सीएमओ ने जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी लैब, राजकीय किशोर स्वास्थ्य केंद्र, लेबर रूम, जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) वार्ड, डेंटल केयर यूनिट, वीपीएन यूनिट तथा आरएनटीसीपी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श, जांच सुविधाओं और स्टाफ के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि सीएचसी में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आवश्यक चिकित्सकों की तैनाती कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और स्टाफ के बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं, लेकिन मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. सन्नी मिश्रा सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सीएमओ ने सभी कर्मचारियों से सेवा भावना के साथ कार्य करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )