नायब तहसीलदार की मौजूदगी में भूमि कराई गई कब्जामुक्त, वर्षों पुराना विवाद सुलझा
न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद निर्मल त्रिवेदी

तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम अमैयापुर में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद का प्रशासन ने निस्तारण कर दिया। नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए विवादित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से वर्षों से चल रहा विवाद समाप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमैयापुर स्थित गाटा संख्या 223, रकबा 0.166 हेक्टेयर भूमि के खातेदार नरेंद्र पाल सिंह पुत्र रामपाल सिंह हैं। उक्त भूमि को लेकर वर्ष 2025 से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। खातेदार द्वारा कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर अपनी भूमि पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की गई थी।
शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग ने मामले की जांच शुरू की। अभिलेखों का परीक्षण करने के साथ ही मौके पर भूमि की पैमाइश कराई गई। जांच में भूमि पर खातेदार नरेंद्र पाल सिंह का अधिकार सही पाए जाने के बाद नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के क्रम में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और प्रशासनिक निगरानी में भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर उसे कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने बताया कि राजस्व अभिलेखों एवं पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी व्यक्ति को उसकी वैधानिक भूमि से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही अवैध कब्जों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

