प्रेमनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति ने जताई हत्या की आशंका

न्यूज़लाइन नेटवर्क
कायमगंज फर्रुखाबाद

 

नगर से सटे प्रेमनगर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार को विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति ने पत्नी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाए जाने की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रेमनगर निवासी संजीव ने पुलिस को बताया कि 31 मई की सुबह उनकी पत्नी ममता उर्फ मोहिनी (28) का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उनकी मां घर पर मौजूद नहीं थीं, जबकि पिता बच्चों के साथ छत पर सो रहे थे। विवाहिता अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
पति संजीव का कहना है कि ममता का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह अपने बच्चों से बेहद लगाव रखती थी। ऐसे में उसके आत्महत्या करने की बात परिवार के गले नहीं उतर रही है। संजीव ने तहरीर में कई सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के समय घर का कोई भी गेट बंद नहीं था। वहीं शव को फंदे से उतारते समय न तो जीभ बाहर निकली थी और न ही आंखें बाहर थीं, जिससे उन्हें घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।
संजीव ने यह भी बताया कि मृतका के मोबाइल फोन पर अंतिम कॉल एक युवक के नंबर से आई थी। आरोप है कि घटना के बाद उसी युवक ने ममता की छोटी बहन को फोन कर आत्महत्या की जानकारी ली थी। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पति ने उक्त युवक पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना (हैंगिंग) आया है। हालांकि मृतका के पति द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाई जा रही है तथा अन्य तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )