खड़ी कार में पीछे से घुसा डंपर, साधु की मौत; साथी गंभीर
न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद

अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़ी मारुति सुजुकी कार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार साधु रामू भारती की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार खड्ड में पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के चौहान चौराहा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय रामू भारती पुत्र बासुदेव अपने एक साथी के साथ कार से जरियनपुर की ओर जा रहे थे। दयानंद इंटर कॉलेज के निकट किसी कार्यवश उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने रामू भारती को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर होने पर उच्च केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

