दिल्ली में आज से SIR अभियान, 5 अगस्त को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित

दिल्ली में आज 30 जून से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत हो रही है। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। चुनाव आयोग ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति से लगातार तीन बार संपर्क करने पर भी सत्यापन नहीं हो पाता या रिकॉर्ड में असंगतियाँ मिलती हैं, तो उसके नाम को मतदाता सूची से हटाने का प्रावधान लागू किया जा सकता है। इसी अभियान में नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे और अपात्र या त्रुटिपूर्ण नाम हटाए जाएंगे।
दिल्ली की मतदाता सूची और नए जोड़े गए मतदाता
दिल्ली की मौजूदा मतदाता सूची में कुल 1,45,10,298 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 77,11,132 पुरुष, 67,98,142 महिलाएं और 1,024 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जनवरी 2026 के बाद से 16 जून तक 2,48,992 नए मतदाताओं को भी जोड़ा गया है। SIR अभियान के जरिए इन सभी प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन किया जाएगा।
कैसे चलाया जाएगा अभियान
अभियान के लिए 13,033 बूथ लेवल ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इनके साथ विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अधिकृत 32,429 BLA-2 (Booth Level Agent-2) भी निगरानी और सहयोग करेंगे। BLO घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म प्रदान करेंगे और आवश्यक जानकारी की मिलान करेंगे।
बेघर या अतिक्रमण प्रभावित लोगों का प्रावधान
हाल में चलाए गए अतिक्रमण हटाने के अभियानों के चलते प्रभावित परिवारों को SIR से बाहर न रखा जाए, इसके लिए विशेष व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। जिनके पास स्थायी पता नहीं है, उनके लिए उनके द्वारा बताए गए पोल नंबर या उपलब्ध पते के आधार पर फॉर्म उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की जा रही है।
किस स्थिति में नाम हट सकता है
पुनरीक्षण के दौरान कुछ कारणों से मतदाता का नाम हटाया जा सकता है, जैसे:
- तीन अलग-अलग अवसरों पर सत्यापन के लिए पहुँचे होने पर भी व्यक्ति उपलब्ध न होना।
- अन्य पते पर रहने के बावजूद पता अपडेट न कराना।
- मृतक व्यक्तियों के नामों को सूची से हटाना।
- किसी व्यक्ति का एक ही नाम दो अलग स्थानों पर दर्ज होना; ऐसी स्थिति में एक स्थान से नाम हटाया जाएगा।
- विदेशी नागरिकों के नाम सूची में बने रहने पर कार्रवाई होगी।
महत्वपूर्ण तिथियाँ
- 30 जून से 29 जुलाई 2026: BLO द्वारा घर-घर सत्यापन।
- 5 अगस्त 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
- 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026: दावे और आपत्तियाँ दर्ज कराई जा सकेंगी।
- 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026: दावों और आपत्तियों का निपटारा होगा।
- 7 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
घर बैठकर अपना नाम कैसे चेक करें
मतदाता दिल्ली चुनाव आयोग की वेबसाइट https://www.ceo.delhi.gov.in पर जाकर EPIC नंबर, Elector Details या Polling Station के जरिए अपनी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। यदि आपके पास 2002 का EPIC नंबर है तो पुराना रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है। Elector Details में AC नंबर, इलेक्टर नंबर, रिश्तेदार का नाम, माता-पिता/दादा-दादी का नाम, हाउस नंबर, जेंडर और कैप्चा भरकर खोज की जा सकती है। यदि AC या हाउस नंबर पता न हो तो उपलब्ध दो-तीन जानकारियों के आधार पर भी खोज संभव है। Polling Station विकल्प से भी AC नंबर और मतदान केंद्र का नाम दर्ज कर जानकारी निकाली जा सकती है। आयोग ने सुझाव दिया है कि मतदाता अपने रिश्तेदारों के नाम, AC का नाम/नंबर तथा पिछली SIR से जुड़ी जानकारी पहले नोट कर लें, क्योंकि एन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय ये जानकारी आवश्यक होगी।
ऑनलाइन फॉर्म और ऐप
एन्यूमरेशन फॉर्म https://www.voters.eci.gov.in पर जमा किए जा सकते हैं; अंतिम सत्यापन BLO द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा Google Play Store से ECINet ऐप डाउनलोड कर भी नाम खोजा जा सकता है। नए मतदाता माता-पिता या दादा-दादी की जानकारी के आधार पर पंजीकरण करा सकेंगे।
सहायता और संपर्क
मतदाता सूची या SIR से संबंधित जानकारी के लिए चुनाव आयोग का टोल-फ्री नंबर 1950 उपलब्ध है। ECINet की Book-A-Call सुविधा से अपने क्षेत्र के BLO से सीधे संपर्क किया जा सकता है। दिल्ली के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जिनकी सूची दिल्ली चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मिलेगी। एन्यूमरेशन फॉर्म पर संबंधित BLO का संपर्क नंबर भी दिया जाएगा ताकि मतदाता आवश्यकता पड़ने पर सीधे सहायता प्राप्त कर सकें।

