पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए पौधरोपण बहुत जरूरी: आरिफ सिद्दीकी

एजाज़ अहमद ब्यूरो चीफ भदोही।
भदोही पौधों की देखभाल करें, तभी वे बनेंगे वृक्ष और रखेंगे पर्यावरण सुरक्षितमेरे कार्यकाल में ग्रीन भदोही-क्लीन भदोही का सपना हुआ था साकार
भदोही / उतर प्रदेश समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका परिषद भदोही के पूर्व चेयरमैन मो.आरिफ सिद्दीकी ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण तभी सुरक्षित रहेगा जब सभी लोग पूरी ईमानदारी के साथ पौधरोपण और उसकी देखभाल पर काम करें। उन्होंने कहा कि जब मैं चेयरमैन था तो नगर को हरा-भरा रखने और पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए वृहद पौधरोपण किया गया था।
इस दौरान श्री सिद्दीकी ने कहा कि उसके बाद मेरी पत्नी महलका बेगम चेयरमैन बनी। उन्होंने इसको आगे बढ़ाते हुए अपने कार्यकाल में नगर में हरियाली लाने के लिए पौधे लगाए। आज वे सभी पौधे वृक्ष के रूप में खड़े हैं और राहगीरों को छाया दे रहे हैं। भीषण गर्मी में पटरी पर दुकान लगाने वाले लोगों को इससे राहत मिल रही है, जिसे देखकर काफी खुशी होती है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। इनसे हमें शुद्ध हवा मिलती है, गर्मी में राहत मिलती है और पर्यावरण संतुलित रहता है। श्री सिद्दीकी ने वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हर वर्ष नगर पालिका परिषद द्वारा अभियान चलाकर पौधरोपण तो किया जाता है, लेकिन लगाए गए पौधों की देखभाल नहीं होती। पानी के अभाव में अधिकांश पौधे सूख जाते हैं। जबकि जिन पौधों की देखभाल की गई, वे आज वृक्ष बनकर शुद्ध ऑक्सीजन देने और लोगों को राहत देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में स्टेशन रोड, चौरी रोड और अजीमुल्ला चौराहा सहित नगर के विभिन्न चौराहों पर लगाए गए पौधे आज वृक्ष बनकर लोगों के लिए जीवनदायनी सिद्ध हो रहे हैं। पूर्व चेयरमैन ने अपील की है कि 100 पौधे रोपित करने की जगह एक ही पौधा लगाएं, लेकिन उसकी सही से देखभाल करें। ताकि वह एक दिन वृक्ष का रूप ले सके। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रण लें कि हम एक-एक पौधा रोपित करेंगे और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाएंगे। इससे पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और इस अभियान को भी गति मिलेगी। श्री सिद्दीकी ने कहा कि ग्रीन भदोही-क्लीन भदोही का सपना उनके कार्यकाल में साकार हुआ था और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें इसे आगे बढ़ाना होगा।

