राजेपुर गेहूं खरीद केंद्र पर बड़ा खेल! बिना अंगूठा लगवाए हो रही तौल, नियमों की उड़ रहीं धज्जियां
न्यूज़लाइन नेटवर्क
राजेपुर फर्रुखाबाद शिवेंद्र सिंह सोमवंशी
सहकारी विपणन केंद्र राजेपुर पर गेहूं खरीद के नाम पर बड़े खेल का मामला सामने आया है। केंद्र पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आरोप है कि किसानों से निर्धारित मात्रा से अधिक गेहूं लिया जा रहा है, वहीं बिना अंगूठा लगवाए ही गेहूं की तौल करा दी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि केंद्र प्रभारी ने खुद नियम विरुद्ध काम होने की बात स्वीकार की है।
सूत्रों के मुताबिक केंद्र पर प्रति बोरी करीब एक किलो तक अतिरिक्त गेहूं लिया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि तौल के समय मनमानी की जा रही है और विरोध करने पर उन्हें चुप करा दिया जाता है। वहीं कई किसानों का गेहूं तो कई दिन पहले तौल लिया गया, लेकिन अब तक उनका अंगूठा तक नहीं लगवाया गया है।
विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि केंद्र पर सांठगांठ कर कई लोगों का गेहूं पहले ही तौल दिया गया, जबकि खरीद प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं बाद में पूरी कराने की तैयारी थी। यही वजह है कि कई खरीद फाइलें अभी अधूरी पड़ी हैं।
जब केंद्र प्रभारी मृदुला यादव से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि अभी 4 से 6 किसानों के अंगूठे नहीं लग पाए हैं। जब उनसे पूछा गया कि बिना अंगूठा लगवाए तौल कराना क्या नियमों के खिलाफ नहीं है, तो उन्होंने साफ कहा, “है तो नियम विरुद्ध, लेकिन जो लोग हमारे लिए तैयार रहते हैं, उनके लिए हमारा भी कुछ दायित्व है।”
प्रभारी के इस बयान ने पूरे खेल की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसानों की उपज खरीद केंद्र पर नियमों को दरकिनार कर किसके इशारे पर काम हो रहा है? यदि बिना सत्यापन और अंगूठे के खरीद हो रही है तो सरकारी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।
मामले को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। लोगों ने उच्च अधिकारियों से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

