मायके में विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे पर लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 

 

न्यूज़लाइन नेटवर्क जहानगंज फर्रुखाबाद

 

जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

 

 

जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय शिल्पी की शादी वर्ष 2017 में मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम शीशम नगला निवासी विजय सिंह के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। उसके दो बच्चे हैं और वह उनकी पढ़ाई के लिए फर्रुखाबाद में रहती थी। स्कूलों में अवकाश होने के कारण वह इन दिनों अपने मायके मुबारकपुर आई हुई थी।

परिजनों के मुताबिक सोमवार रात भोजन करने के बाद शिल्पी अपने बच्चों के साथ छत पर सोने चली गई थी। देर रात उसकी बेटी भूमि की आंख खुली तो मां वहां नहीं मिली। इस पर उसने अपनी नानी तारावती को जानकारी दी। परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की तो घर के नीचे हाल में शिल्पी का शव दुपट्टे के सहारे छत के कड़े से लटका मिला।

परिजन उसे तत्काल नीचे उतार लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौत की परिस्थितियों को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। परिजनों के अनुसार शव फंदे पर लटका मिला, लेकिन उसके पैर जमीन के काफी निकट थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिवार के लोग भी किसी स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं दे सके हैं।

सूचना मिलने पर जहानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )