अंडे खरीदने को लेकर विवाद में मारपीट, एक नामजद पर मुकदमा दर्ज

न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर संवाददाता अनीत सोलंकी
थाना अमृतपुर क्षेत्र में अंडे खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बड़ागांव परतापुर खुर्द निवासी अमरेश राजपूत पुत्र रामचंद्र ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि 12 जून को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी पुश्तैनी भूमि देखकर वापस लौट रहा था। उसके साथ गांव निवासी रामदयाल भी मौजूद थे। कुबेरपुर स्थित एक दुकान पर दोनों अंडे खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान अमित मिश्रा निवासी पिथनापुर भी वहां अंडे खरीद रहा था।
आरोप है कि अंडे को लेकर कहासुनी होने के बाद अमित मिश्रा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे अमरेश घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाना अमृतपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना अमृतपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 77/2026 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

