नौतपा का असर: उमस भरी गर्मी से बेहाल रहा फर्रुखाबाद, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा




न्यूज़लाइन नेटवर्क
फर्रुखाबाद


नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच उमस भरी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात ऐसे रहे कि दोपहर होते ही बाजारों में चहल-पहल कम हो गई और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। सड़कों पर भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा नजर आया।
हालांकि सोमवार की तुलना में मंगलवार को तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस ने लोगों को राहत महसूस नहीं होने दी। कई दिनों से लगातार पड़ रही तेज गर्मी का असर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है। लोग धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे।
रोडवेज बस स्टैंड पर भी यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। धूप में खड़ी बसें तपने लगीं, जिससे यात्री पेड़ों और शेड की छांव में बैठकर बसों के रवाना होने का इंतजार करते रहे। बस चलने के समय ही यात्री जल्दबाजी में उसमें सवार होते नजर आए।
भीषण गर्मी का असर पशुओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पशुपालक अपने मवेशियों को पेड़ों की छांव में बांध रहे हैं और शाम के समय उन्हें नहलाकर राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते पशुओं के बीमार पड़ने की चिंता भी पशुपालकों को सताने लगी है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )