जानवर चराने गए वृद्ध का शव सोता नाला में मिला, क्षेत्र में मचा हड़कंप
न्यूज़लाइन नेटवर्क अमृतपुर फर्रुखाबाद राहुल सिंह राठौर

थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम परतापुर कला में पशु चराने गए एक वृद्ध का शव मंगलवार सुबह सोता नाला में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी शिशुपाल पुत्र भूमिराज यादव (70 वर्ष) सोमवार शाम अपने पशुओं को चराने के लिए गांव से कुछ दूरी पर स्थित गंगा नदी के सोता नाला क्षेत्र में गए थे। देर रात तक उनके घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। जबकि उनके पशु स्वयं घर पहुंच गए थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उनका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह परिजनों ने घटना की सूचना थाना अमृतपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। कुछ देर बाद शिशुपाल का शव सोता नाला में उतराता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार सोता नाला क्षेत्र गंगा की बाढ़ से प्रभावित रहता है और उसमें वर्षभर पानी भरा रहता है। नाला की गहराई लगभग 10 से 15 फीट बताई जा रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि वृद्ध किसी कारणवश पानी में गिर गए होंगे, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सूचना पर थाना अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई कर शव का पंचनामा भरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


